Saturday 4 April 2015

मुजरिम

      हर दिन सुबह-सुबह उन्हें अपनी बेटी को साथ लेकर घूमते देखता था। कभी बातें नहीं हुई थी उनसे मेरी। उस दस-पंद्रह घर वाले मोहल्ले का आखिरी घर उनका था। कुछ दिनों पहले ही इस मोहल्ले में एक किराये के घर में सिफ्ट हुआ था मैं। बस इसलिए कि हम उनके पड़ोसी हुए और वो मेरे, सुबह टहलने के दौरान नमस्ते-सलाम में हम दोनों के हाथ उठ जाया करते। 
      अच्छे इंसान थे शर्मा जी। उनकी एक ही बेटी थी जिसे वो अपने साथ ही लेकर चलते। चाहे उसे कहीं भी जाना हो। खूबसूरत गोरी लड़की थी। रेशमी बालों के निचे दमकते चेहरे पर बड़ी-बड़ी पलकों के बीच नीली-भूरी आँखें उसे और भी खूबसूरत बनाये हुए थे। 
      पर, काश कि उसमे ईश्वर के दिए इन उपहारों को कद्र करने की और संवार पाने की समझ होती। विछिप्त सी अपने पिता के बाँहों को खूब जोर से पकडे इधर-उधर देखते चलते रहती। उम्र के चक्र ने उसके शरीर में कई बदलाव कर दिए थे। सुना था शर्मा जी ही नहलाते-धोते थे उसे। खाने-पीने की भी सुध न रहती थी। 
      चार दिनों की छुट्टी थी इसलिए गाँव चला गया था। एक तो बस का सफर दूसरे आधी रात तक जागना। वापस आकर सोया तो सुबह देर हो गयी थी उठने में। जल्दी-जल्दी फ्रेश होकर टहलने जाने के लिए बाहर निकला। 
      ''आज तो शर्मा जी टहल कर आ भी रहे होंगे। शायद आज रास्ते में उनसे मुलाकात न हो। '' ये सोचते-सोचते दरवाजे पर आया ही था। पर ये क्या शर्मा जी तो बाहर ही मिल गए। पुलिस पकड़ कर ले जा रही थी उन्हें। मैं अवाक् सा खड़ा सब कुछ देखता रह गया। 
      उनकी बेटी जिसे देख कर लगता नहीं था की वो पागल है। उसके रहन-सहन, पहनावे-ओढावे से साफ दीखता था कि कितने प्यार से परवरिश करते थे शर्मा जी उसकी। उस पागल की खूबसूरती में खुदा की मेहनत नहीं शर्मा जी की कारीगरी का अनुभव होता था।
      उस कारीगर की तराशी की हुई मूर्ति की मृत शरीर उसके बरामदे में पड़ी थी। एक महिला जो शर्मा जी की पत्नी थी, वहीँ जमीन पर बैठी अपने पैर के अंगूठे से जमीन को दाबे जा रही थी। जैसे धरती से दुआ कर रही हो फटने के लिए और उसमे समा जाना चाह रही है। 
      आठ-दस मजबूत हाथों के बीच छटपटा रही थी उनकी बेटी। लगातार चीख रही थी। उसके रोने की हर रुदन में उसका बचपना दीख रहा था। अठारह-उन्नीस वर्ष के शरीर में तीन-चार साल की बच्ची चीत्कार कर रही थी। पर इन सब बातो का कोई अहसास उन दरिंदो को न था। सब बारी-बारी से अपनी हवस की भूख मिटाने में लगे थे। पहली बार इंसानियत को इतना कलंकित, इतनी शर्मसार होते देख रहा था मैं। ये गन्दी भूख कितना नासमझ बना देती है इंसान को? कितना अच्छा होता यदि ईश्वर, इंसान बनाता पर उसके अंदर ऐसी तृष्णा न देता जिसको शांत करने के लिए इंसान इतना गिर जाता है। या फिर उस पागल को बच्ची ही रहने देता। उसके योवन को इस कदर विकसित होने से रोक देता, तो शायद वे दरिंदे उस पागल लड़की से भी उसी तरह घृणा करते जैसे बाकि पागलों से सभी करते हैं। फिर शायद न उसका बलात्कार करते और न उसके विकसित बदन की फिल्म बनाते। 
      फ़ोन को बंद करते हुए उस मोहल्ले के एक युवक ने बताया। 
      ''इसी वीडियो के वजह से शर्मा जी ने उसकी गला घोंट दी। पिछले तीन दिनों से बेचारे की हालत पागलों जैसी हो गयी थी। घर से निकल नहीं रहे थे। गुस्से में या पागलपन में पता नहीं पर, बार-बार दरवाजे और दिवार पर जोर-जोर से हाथ मारते। अपने अहाते के सारे फूल-पौधे को उखाड़ बाहर फेंक दी उन्होंने। चौबीस घंटे के भीतर ही सारे मुजरिमो को पुलिस ने पकड़ ली थी।"
      फिर वह युवक चुप हो गया।
--धीरज चौहान